माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-1 में 25 मई को एलुमनी मीट का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में एलुमनी एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने की। बैठक में महाविद्यालय की वार्षिक सामान्य सभा के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई और एलुमनी मीट की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। एलुमनी एसोसिएशन के संयोजक प्रो अद्वितीय खुराना ने बताया कि एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन भी एलुमनी मीट के अवसर ही होगा।
इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. अपराजिता हुड्डा, प्रो. अंजू जिंदल और प्रो. अनीता हुड्डा और एलुमनाई एसोसिएशन के सह संयोजक संदीप निंबल भी उपस्थित रहे। समाजसेवी विजय बंसल जो एलुमनी एसोसिएशन के संरक्षक भी हैं, बैठक में विशेष रूप से मौजूद रहे। एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, सदस्य हरमिंदर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अशोक शर्मा, जसबीर जस्सी और सन्नी नाढा ने भी भाग लिया। प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा ने एलुमनी मीट को पूर्व छात्रों से जुड़ाव का एक सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे महाविद्यालय और समाज के बीच संवाद एवं सहयोग को नई दिशा मिलेगी।