संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को बड़े स्तर पर मनाने के लिए सभी संगठनों का एकजुट होने का आह्वान किया है। गुरुवार शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल के मुखी सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह की अगुवाई में निहंग सिंह जत्थेबंदियों, संप्रदायों और कमेटियों के साथ गुरुद्वारा बुर्ज अकाली फूला सिंह, छावनी निहंग सिंहां बुढ़ा दल में एक मीटिंग की गई। इसमें सभी धार्मिक महापुरुषों और जत्थेबंदियों ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका और जनरल सेक्रेटरी सरदार जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि गुरु साहिब की शहादत दिल्ली में हुई थी, जहां रोजाना संगत नतमस्तक होती है और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करती है। उन्होंने बताया कि शहीदी शताब्दी संबंधी कार्यक्रम शुरू किए जा चुके हैं, जिनके तहत बीबियों के 350 साला जत्थे ने गुरु की इलाही बाणी का कीर्तन किया। इसी तरह कॉलेजों और विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यक्रम हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को दिल्ली में कवि दरबार आयोजित किया जाएगा। 20 सितंबर को दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी द्वारा सर्व धर्म सम्मेलन करवाया जाएगा, जिसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु शामिल होंगे और बताएंगे कि गुरु साहिब की शहादत कैसे हुई। कालका ने बताया कि 12 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब से नगर कीर्तन की शुरुआत होगी, जहां कश्मीरी पंडितों ने गुरु साहिब से मदद की गुहार लगाई थी। 13 नवंबर को नगर कीर्तन दिल्ली पहुंचेगा और 14 से 18 नवंबर तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में नगर कीर्तन सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 23 से 25 नवंबर तक कीर्तन दरबार लाल किले पर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें देश-विदेश से लगभग 50,000 श्रद्धालु शामिल होंगे। एक टेंट सिटी भी बनाई जा रही है। लाइट एंड साउंड शो एक हफ्ते लगातार चलेगा और सरकार से इसे एक महीने तक चलाने की अपील की गई है। सभी कार्यक्रमों का समापन 26 नवंबर को भाई लखी शाह वंजारा हॉल, गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी दिवस और गुरु गोबिंद सिंह जी के गुरता गद्दी दिवस की शताब्दी पूरे पंथ की एकता से मनाई जाएगी।