चंडीगढ़। मुंबई की मॉडल से दुष्कर्म के मामले में जिला अदालत ने वीरवार को आरोपी सब इंस्पेक्टर नवीन फोगाट को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि पीड़ित पक्ष ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर पाया, जिससे नवीन फोगाट को दोषी साबित किया जा सके।
बता दें कि मॉडल ने चंडीगढ़ की एसएसपी नीलांबरी जगदले से शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह पंजाबी फिल्मों में काम करना चाहती थी। इस दौरान धनास में रहने वाले राहुल नाम के व्यक्ति उसकी दोस्ती हुई। राहुल ने धोखे से मॉडल का सिम कार्ड चुराया और उसके खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए। राहुल के पास उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी थीं, जिनको लेकर वह मॉडल को ब्लैकमेल कर रहा था। मॉडल की शिकायत पर मामला 16 अक्तूबर 2017 को साइबर सेल को सौंपा गया। आरोपी एसआई नवीन फोगाट साइबर सेल में तैनात था। मॉडल के मामले की जांच एसआई नवीन को ही सौंपी गई। शिकायत में मॉडल ने बताया कि एक दिन एसआई नवीन का उसे फोन आया और उसने कहा कि शिनाख्त परेड के लिए उसे चंडीगढ़ आना पड़ेगा। मॉडल 12 जून 2018 को केस के सिलसिले में चंडीगढ़ आई। आरोपी नवीन फोगाट ने शिनाख्त परेड के बाद उसे उसके होटल तक छोड़ने को कहा। इसके बाद वह वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर पीड़ित मॉडल के कमरे में गया। वॉशरूम से निकलने के बाद उसने मॉडल को ब्लैकमेल करते हुए कहा कि उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें और वीडियो उसके पास हैं। इसके बाद उसने मॉडल के साथ दुष्कर्म किया।