पंचकूला में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ मिस्टर एंड मिस इंडिया-2025 का भव्य आयोजन
इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में 25 कैटेगरीज में मुकाबले, बच्चों व दिव्यांग प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने बटोरी तालियां
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। वर्ल्ड फेडरेशन फिटनेस मिस्टर एंड मिस इंडिया–2025 नेशनल बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप सोमवार को सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में हुई। यह भारत की प्रतिष्ठित बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस प्रतियोगिताओं में शामिल है। वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के शहरों से आए बॉडी बिल्डर और फिटनेस एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन किया। वर्ल्ड फेडरेशन फिटनेस मिस्टर इंडिया शुभम सुराना को चुना गया।
प्रतियोगिता में कुल 25 कैटेगरीज रखी गई थीं। महिला वर्ग में ग्लैमर मॉडल, बिकिनी मॉडल और स्पोर्ट्स मॉडल कैटेगरीज शामिल रहीं। पुरुष वर्ग में बॉडी बिल्डिंग में बरमूडा, बीच मॉडल, वॉरियर और मास्टर 40+ जैसी कैटेगरीज में प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। इसके अलावा बच्चों के लिए किड्स कैटेगरी और दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए स्टार कैटेगरी ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का आयोजन जिम 13 और नॉर्थ इंडिया वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन के प्रधान मनीष कश्यप की ओर से किया गया। इसमें डब्ल्यूडब्ल्यूएफ हिमाचल की टीम का भी सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से देशभर में इस तरह के आयोजन किए जाते हैं। इसी कड़ी में यह 13वां मिस्टर एंड मिस इंडिया–2025 आयोजन पंचकूला में संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में चंडीगढ़ भाजपा पार्षद दलीप शर्मा, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, भाजपा चंडीगढ़ स्टेट सचिव अमनदीप सिंह, भाजपा चंडीगढ़ जिला अध्यक्ष आदित्य शर्मा, भाजपा युवा विंग के वार्ड अध्यक्ष अंशुल बजाज और सुमित कालिया सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
वरमूडा जूनियर मॉडल में हिमाचल के करन अहूजा चुने गए
वरमूडा जूनियर मॉडल में हिमाचल प्रदेश के करन अहूजा को चुना गया। वहीं वरमूडा शॉर्ट मॉडल में झारखंड के बिपिन चंद्र, वरमूडा टॉल कैटेगरी में उड़ीसा के बुद्धदेव साहो ने जीत दर्ज की। वहीं मेन स्पोर्ट्स मॉडल कैटेगरी में महरूफ, वुमन स्पेार्ट्स मॉडल में मलयेशिया की माइकल साइमलेह, मास्टर बीबी कैटेगरी मेंं शाहजहां ने जीत दर्ज की। वहीं वुमन फीगर कैटेगरी में राजस्थान की कंचन स्वामी, क्लासिक बीबी शार्ट कैटेगरी मेंं इबनेसर खोनगिस्ट, क्लासिक बीबी टाल कैटेगरी में इंदरवीर सिंह विजेता बनीं।