पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित गीता मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। यह शोभायात्रा प्राचीन शिव मंदिर से प्रारंभ होकर गीता मंदिर परिसर में संपन्न हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ भक्ति का माहौल बनाया। महिलाएं सिर पर कलश लेकर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं, जिससे यात्रा का दृश्य बेहद आकर्षक और भक्तिपूर्ण रहा।
गीता मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा का आयोजन प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा। जिसमें स्थानीय भक्तों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है और सुरक्षा व व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की नियुक्ति की गई है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।