संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सकेतड़ी शिव मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में सावन की शिवरात्रि पर शुक्रवार को भक्तों की भीड़ देखने को मिली। शिव मंदिर सुबह ही हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। जिले के अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। सेक्टर-21 के श्री शिव मंदिर, सेक्टर-15 के श्री रघुनाथ मंदिर, सेक्टर-25 के हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में शिवलिंग को फूलों से सजाया गया था। सुबह ही लोग शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिए पहुंच गए थे। इसके अलावा हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए श्रद्धालुओं को पहले जलाभिषेक करने दिया गया।
मंदिर को फूलों और लाइटों से सजाया गया था। भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर गूंज रहे थे। सकेतड़ी मंदिर के प्रधान केडी शर्मा ने बताया कि पूजा करने में भक्तों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए मंदिर में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। मंदिर में पूरे दिन लंगर लगाया गया था। सेक्टर-21 शिव मंदिर कमेटी के सदस्य नीरज पराशर ने बताया कि मंदिर में पूरे दिन भक्तों को भीड़ लगी रही। भक्तों को शिवलिंग का जलाभिषेक और दर्शन करने में किसी भी तरह की दिक्कत ना हो इसके विशेष प्रबंध किए गए थे।
सेक्टर-15 श्री रघुनाथ मंदिर कमेटी के महासचिव शाम लाल बंसल ने बताया कि मंदिर में एक माह से कथाएं चल रही हैं। मंदिर में पहले शिवपुराण की कथा हुई। इसके बाद भागवत महापुराण की कथा चल रही है। इसके अलावा सेक्टर-25 हनुमान मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है।