पम्मी कुमार और उनके पिता पर रजिस्ट्री में देरी और संपत्ति अन्य को बेचने का आरोप, चंडीमंदिर थाना में मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। प्रॉपर्टी सौदे को लेकर विवाद के मामले में शिकायतकर्ता शिव कुमार ने पुलिस में शिकायत दी है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिव कुमार, निवासी गांव बिल्ला, ने आरोप लगाया है कि उसके गांव के ही पम्मी कुमार और उनके पिता ने प्रॉपर्टी और गाड़ियों के सौदे में उन्हें धोखे में रखा। शिकायत में शिव कुमार ने बताया कि पम्मी कुमार के साथ प्रॉपर्टी और गाड़ियों का सौदा तय हुआ था और दोनों पक्षों ने पंचकूला कोर्ट में फुल एंड फाइनल एग्रीमेंट भी किया। इसके बाद तय समय पर रजिस्ट्री करवाने की प्रक्रिया शुरू की जानी थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने सौदे की एवज में अलग-अलग बैंक खातों से पम्मी कुमार को भुगतान भी किया। लेकिन उसके अनुसार, भुगतान के बावजूद आरोपी पक्ष रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करता रहा और बाद में प्रॉपर्टी और गाड़ियां किसी अन्य व्यक्ति को बेच दीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब शिव कुमार ने अपनी रकम या तय प्रॉपर्टी की मांग की, तो उसके खिलाफ झूठी शिकायतें देकर दबाव बनाने की कोशिश की गई।