करनाल से भेजा गया दूसरा इंजन, यात्रियों को हुई भारी परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। दिल्ली से चंडीगढ़ आ रही शताब्दी एक्सप्रेस (12045) का इंजन मंगलवार रात गन्नौर के पास अचानक फेल हो गया। इंजन की खराबी के कारण ट्रेन करीब एक घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार शताब्दी एक्सप्रेस रात 7:53 बजे गन्नौर स्टेशन के पास पहुंची थी, तभी इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। सूचना मिलने पर रेलवे प्रशासन ने करनाल से नया इंजन रवाना किया, जो मौके पर पहुंचकर ट्रेन को आगे लेकर चला।
तकनीकी दिक्कत दूर होने के बाद ट्रेन को दोबारा चलाया गया, लेकिन इस वजह से चंडीगढ़ पहुंचने में करीब दो घंटे की देरी हो गई। सामान्यतः रात 10.35 बजे पहुंचने वाली ट्रेन मंगलवार को करीब 12.35 बजे पहुंची।
अंबाला सीनियर डीसीएम नवीन कुमार ने बताया कि इंजन में खराबी आने से ट्रेन कुछ देर के लिए रोकी गई थी। करनाल से इंजन भेजकर स्थिति को संभाला गया और उसके बाद संचालन बहाल कर दिया गया।