संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने किसानों की फसलें बर्बाद कर दी हैं। संकट की इस घड़ी में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) प्रभावित किसानों की मदद के लिए आगे आई है। कमेटी ने 6 करोड़ रुपये की लागत से 37,500 एकड़ भूमि के लिए उच्च गुणवत्ता वाले गेहूं के बीज खरीदे हैं। बीज वितरण की शुरुआत 25 अक्टूबर को गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सुल्तानपुर लोधी से होगी।
कमेटी ने गुरुद्वारा श्री बाउली साहिब श्री गोइंदवाल साहिब, गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी रामदास, गुरुद्वारा पातशाही पांचवीं और नौवीं गुरु का बाग और गुरुद्वारा श्री जामनी साहिब बाजीदपुर फिरोजपुर में भी केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर 7500-7500 एकड़ की बुवाई के लिए गेहूं के बीज की व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनों में इन सभी स्थानों से प्रभावित किसानों को बीज वितरित किया जाएगा।
एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि एसजीपीसी की कार्यकारिणी कमेटी द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, 10 एकड़ से कम भूमि वाले छोटे किसानों को प्रामाणिक बीज दिए जाएंगे। एसजीपीसी बाढ़ के दौरान हजारों लोगों को लंगर और राशन मुहैया करवा चुकी है। साथ ही हजारों लीटर डीजल बांट चुकी है। इसके साथ ही, जलभराव वाले इलाकों में चिकित्सा सेवाएं भी मुहैया करवाई गई हैं। एडवोकेट धामी ने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से हम जरूरतमंद भाइयों को निराश नहीं होने देंगे। कमेटी ने यह भी एलान किया कि किसानों के जीवन को पटरी पर लाने के लिए जरूरत के अनुसार सेवाएं जारी रखी जाएंगी।