पंचकूला। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पंचकूला पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। शहर में उत्सव के दौरान 625 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि चार एसीपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। डीसीपी अदिति सिंह ने सोमवार को सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शालीमार ग्राउंड के आसपास सात विशेष नाके भी लगाए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर दशहरा ग्राउंड के अलावा प्रवेश और निकास मार्गों, बस स्टैंड, होटलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पीसीआर और बाइक राइडर टीमें लगातार गश्त करेंगी।
दशहरे के दौरान दोपहर दो से रात आठ बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। सेक्टर-5 नाइट फूड मार्केट से कैक्टस गार्डन तक का मार्ग एकतरफा रहेगा। शालीमार चौक से सेक्टर-8 और 9 की ट्रैफिक लाइटों की ओर जाने वाली स्लिप रोड बंद रहेगी। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की सलाह दी गई है। शालीमार ग्राउंड में होटल द कोव के सामने वाले द्वार से पासधारकों को प्रवेश मिलेगा। रायपुररानी, चंडीमंदिर, पिंजौर और कालका सहित अन्य क्षेत्रों में भी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।