पंचकूला। सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में मंगलवार को सुबह फिर से सर्वर डाउन होने के कारण मरीजों को चार घंटे तक इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। अस्पताल की सभी ओपीडी मेंं पंजीकरण न होने के कारण दोपहर 12 बजे तक मरीजों का इलाज नहीं हो पाया। इस कारण मरीज और तीमारदारों को बड़ी दिक्कत का समाना करना पड़ा। वहीं, अस्पताल में इलाज के लिए दूरदराज से पहुंचे मरीजों के खाली पेट होने वाले टेस्ट और अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाई। सिविल अस्पताल के बिजली घर में फॉल्ट आने के कारण यह समस्या पैदा हुई है।
दरअसल, मंगलवार की सुबह सिविल अस्पताल के बिजली स्टेशन के तार में फॉल्ट आ गया। यहां से बिजली का लोड ठीक नहीं होने के कारण अस्पताल की बिजली सप्लाई तीन घंटे शुरू नहीं हुई। इस कारण सर्वर डाउन होने से अस्पताल के रजिस्ट्रेशन सॉफ्टवेयर में खराबी आ गई। सुबह मरीजों की इलाज की पर्ची भी नहीं बनी। पर्ची नहीं बनने के कारण लोगों को इलाज के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, जांच और खाली पेट होने वाले टेस्ट भी नहीं हो पाए। इस कारण लोगों को इलाज चार घंटे देरी से मिला। अस्पताल की एमडी मेडिसिन ओपीडी, स्किन, टीबी, मनोरोग विभाग, कैंसर ओपीडी, गायनी, बच्चोंं की ओपीडी सहित सभी जगह पर यह समस्या बनी रही। पंजीकरण नहीं होने के कारण लोग लंबी कतार में तीन घंटे तक लगे रहे। करीब चार घंटे बाद लाइट का फॉल्ट ठीक होने पर लोगों का इलाज शुरू हो सका।
बुखार में भी तीन घंटे लाइन मेंं लगे रहे
मैं बुखार आने के बाद चार घंटे तक लाइन में इलाज के लिए लगा रहा। सुबह अस्पताल मेंं सर्वर खराब होने के कारण मेरी खाली पेट होने वाली जांच नहीं हो पाई है। इसके लिए मुझे इलाज के लिए दोबारा आना पड़ेगा। -दीपक कुमार निवासी कालका, मरीज
ओपीडी तक पांच घंटे बाद पहुंचे
मुझे सांस लेने की समस्या हुई है। अस्पताल में इलाज के लिए सुबह आठ बजे रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचा। इलाज के लिए ओपीडी मेंं पहुंचने में पांच घंटे का समय लगा। इलाज के बाद डॉक्टर ने टेस्ट लिखे हैं। दो बजे केे बाद भी सैंपल नहीं लिया। -जुनैद खान, निवासी टिपरा, मरीज
हड्डी में फ्रैक्चर का सीटी स्कैन नहीं हुआ
मैं सुबह हड्डी की ओपीडी में इलाज लिए आया था। काउंटर पर रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाने के कारण हड्डी फ्रैक्चर के इलाज में होने वाला सीटी स्कैन और एमआरआई
नहीं हुई। अब इसे कराने के लिए मुझे अगले दिन का समय दिया गया है। -हैदर अली निवासी मनीमाजरा, मरीज
मां का इलाज नहीं हो पाया
मेरी मां को सीने में तीन दिन से दर्द है। वह अस्पताल में भर्ती है। आज टेस्ट की रिपोर्ट आनी थी और नए टेस्ट होने थे। सुबह सर्वर नहीं चलने से दिक्कत हुई है। इस कारण मां के इलाज में दिक्कत हुई है। अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए। -रफी मोहम्मद निवासी रायपुररानी, तीमारदार
सिविल अस्पताल में बने बिजली स्टेशन में सुबह के समय तारों के खराब होने से सॉफ्टवेयर मेंं फॉल्ट आ गया था। इस कारण कंप्यूटर नहीं चल पाए और रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाए। सभी मशीनों को ठीक कराया गया है। इसके बाद कंप्यूटर चले और मरीजों का इलाज किया गया है। बिजली सहित सॉफ्टवेयर की सभी व्यवस्था को जल्द पूरी तरह से दुरुस्त करेंगे। -आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6