पंचकूला। साइबर क्राइम थाना टीम ने शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 48 लाख 50 हजार रुपये की ठगी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब तक इस केस में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें पहले आरोपी को 18 अगस्त को जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी रितेश कुमार और प्रवेश कुमार को अदालत में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
साइबर थाना पुलिस के अनुसार यह मामला 21 मई को दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता गुरमुख सिंह पुत्र स्वर्गीय जोरा सिंह निवासी शिव कॉलोनी बिटना रोड पिंजौर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 13 फरवरी को उन्हें यूट्यूब पर शेयर मार्केट से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दिए गए लिंक के जरिए वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। इसके बाद ग्रुप में मौजूद लोगों ने उन्हें भारी मुनाफे का लालच देकर एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया और अलग-अलग समय पर उनसे कुल 48 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पंचकूला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।