अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। लाखों रुपये खर्च करके बहू को विदेश भेजा पर बहू ने विदेश सारे नाते तोड़ दिए तो डिप्रेशन में आने से पति की मौत हो गई। थाना पातड़ां पुलिस ने अब इस मामले में आरोपी बहू उसके पिता और भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपियों में कोमलप्रीत कौर, उसका पिता रघवीर सिंह व भाई हरदीप सिंह निवासी राजेवाल जिला लुधियाना शामिल हैं।
सरबजीत कौर निवासी दशमेश नगर पातड़ां की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक साल 2017 में उनके लड़के मानदविंदर सिंह (26 साल) की सगाई कोमलप्रीत कौर के साथ हुई थी। बाद में कोमलप्रीत कौर विदेश चली गई और इसका सारा खर्च लड़के के परिवार की ओर से किया गया। साल 2019 में भारत आकर कोमलप्रीत कौर ने मानदविंदर सिंह के साथ शादी कर ली और फिर दोबारा विदेश चली गई व वापस नहीं आई।
कोमलप्रीत कौर ने अपने पति के साथ फोन पर बात करनी भी बंद कर दी। लड़के के परिवार ने कोमलप्रीत कौर को विदेश भेजने पर कुल 48 लाख रुपये खर्च किए थे। जिसके कारण मानदविंदर सिंह डिप्रेशन में रहने लगा। 30 अगस्त 2025 को मानदविंदर सिंह को उसकी माता दवा दिलाने के लिए ले गई थी। लेकिन वहां चक्कर आने पर चेकअप करने के बाद डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। कोमलप्रीत कौर की ओर से विदेश जाने संबंधी खर्चा करवाने के बावजूद अपने पति को वहां न बुलाने के कारण हुए डिप्रेशन से यह मौत हुई है।