संवाद न्यूज एजेंसी
श्री खडूर साहिब। मानौचाहल कला निवासी दिलबाग सिंह बागा की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। सदर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई है। पुलिस ने चार लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।
श्री खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के मानोचाहल गाँव निवासी पलविंदर कौर ने बताया कि उनके पति दिलबाग सिंह बागा खेतीबाड़ी का काम करते थे। उनकी देवरानी सोनिया के चोहला साहिब निवासी दिलबाग सिंह दिल्ली के साथ अवैध संबंध थे। दिलबाग सिंह अक्सर सोनिया को ऐसे संबंधों से रोकता था। इसी रंजिश में दिलबाग सिंह दिल्ली ने अपने साथी हरपाल सिंह निवासी बंगालीपुर और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर दिलबाग सिंह बागा की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि सदर थाना प्रमुख अवतार सिंह संधू ने दिलबाग सिंह के शव को कब्जे में लेकर उसकी पत्नी के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।