रायपुररानी। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायपुररानी में बच्चों से भारी बॉक्स उठवाना स्कूल प्रशासन को भारी पड़ गया। 20 मई को अमर उजाला में छपी खबर आधार पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे स्कूल की खामियां जांची। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि स्कूल के मैदान में अस्थायी बेचों से चहारदिवारी बनाई हुई है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा था। इसके बाद 19 मई को स्कूल के बच्चों से सामान उठवाए जाने के मामले में प्रिंसिपल से सवाल-जवाब किए। 19 मई को स्कूल के चार छात्रों द्वारा भारी-भरकम बक्से ढोते देखे गए थे। निरीक्षण के दौरान बच्चों की पढ़ाई के नाम पर भारी दुर्व्यवस्था देखकर एसडीएम ने मौके पर ही डीईओ पंचकूला को कॉल लगाया। डीईओ को बच्चों को फिलहाल पास के स्कूल के कमरों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्राचार्य सरोज को बिल्डिंग में खुले में पड़े अस्थायी बेचों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए और बाउंड्री के लिए रस्सी या अन्य साधन लगाने का निर्देश दिया।
पंचकूला एसडीएम चंद्रकांत कटारिया ने स्कूल प्रबंधन को वर्तमान हालत पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने को कहा है। निरीक्षण के दौरान कई और खामियां सामने आईं, जिन पर कार्रवाई की तैयारी हो रही है।