संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-26 निवासी स्क्रीनिंग प्लांट के मालिक को ऑनलाइन रुपये कमाने का झांसा देकर 27 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-26 निवासी रजिंदर सिंह ने शिकायत में बताया कि रायपुररानी में उनका स्क्रीनिंग प्लांट है। 12 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे उनके मोबाइल पर एक टेक्स्ट मैसेज आया। इसमें पार्ट टाइम काम कर ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाने के बारे में बताया गया था।
इसके साथ ही एक ग्रुप ज्वॉइन करने के लिए लिंक दिया गया था। शिकायतकर्ता ने ग्रुप ज्वॉइन किया। उसमें उनसे जन्मतिथि और निवास स्थान पूछा गया। 14 फरवरी को दोबारा से एक महिला ने शिकायतकर्ता को कॉल कर ऑनलाइन रुपये कमाने के बारे में बताया और उसकी फोटो व्हाट्स एप पर भेजी। शिकायतकर्ता ने झांसे में आकर दोबारा ग्रुप ज्वॉइन कर लिया। पहली बार 10 हजार रुपये इंवेस्ट किए तो उसके बदले 15 हजार रुपये उन्हें मिले।
उसके बाद दोबारा से 10 हजार और 19847 रुपये जमा करवाया इसके बाद 40 हजार रुपये वापस मिले। चौथी बार 60 हजार रुपये दो बार में इंवेस्ट किए। इसके बाद लगातार आरोपी पैसा मांगते रहे और शिकायतकर्ता जमा करवाता रहा। शिकायतकर्ता ने दी शिकायत में बताया कि करीब करीब 13 बार में उन्होंने 27 लाख रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद उनको धोखाधड़ी का पता चला।