रायपुररानी। बस स्टैंड के बाहर सुबह सात बजे एक स्कार्पियो आगे जा रहे ट्रक से टकराई गई। स्कार्पियो में बैठे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक गांव श्यामटू के भजन गायक संगीनाथ अपनी टीम के साथ यमुनानगर में रात्रि जागरण कर वापस आ रहे थे। रायपुररानी बस स्टैंड के नजदीक पहुंचने पर स्कॉर्पियो में सवार संगीनाथ की गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
इसके बाद ट्रक डिवाइडर पर जा टकराया। ट्रक और चालक को किसी प्रकार की अधिक क्षति नहीं पहुंची है, लेकिन स्कार्पियो में सवार संगीनाथ सहित तीन लोग गाड़ी में ही फंस गए। उनको स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर पंचकूला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। संगीनाथ के साथ रजत और गांव काठोमाजरा के सरपंच भी थे। लोगों का कहना है कि बाहरी प्रदेशों की बसे अचानक से सड़क पर रुक जाती है जिसके कारण हादसे होते है। लोगो की मांग है कि सरकार व परिवहन विभाग इस ओर ध्यान दे कि बाहरी प्रदेशों की बसे बस स्टैंड के अंदर जाकर सवारियों को उतारे व चढ़ाए।