पंचकूला। सेक्टर-5 के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की परेड को लेकर पुलिस ने फुल ड्रेस रिहर्सल किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया व पुलिस, आईटीबीपी व अन्य टुकड़ियों की मार्च पास्ट की सलामी ली।
इसके पहले अतिरिक्त उपायुक्त ने डीसीपी हिमाद्री कौशिक के साथ सेक्टर-12 वाॅर मेमोरियल पर जाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। फुल ड्रेस रिहर्सल में विभिन्न स्कूली विद्यार्थियों ने बहुत ही शानदार पीटी व डंबल शो का प्रदर्शन किया। स्कूली विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इनमें पीएम राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 की छात्राओं ने गुलाबी सरारा, पंजाबी जूती, हरियाणवी वेलकम, फ्यूजन डांस प्रस्तुत किए। इसके बाद सार्थक माॅडल स्कूल सेक्टर-12ए पंचकूला की छात्राओं ने पंजाबी गिद्दा की शानदार प्रस्तुति दी।
मिले सुर मेरा तुम्हारा और वंदे मातरम की प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध
यूनियन इंटरनेशनल स्कूल पिंजौर की छात्राओं ने देश रंगीला, मिले सुर मेरा तुम्हारा और वंदे मातरम पर आकर्षक डांस पेश किया। इसके बाद भवन विद्यालय सेक्टर-15 ने देश के विभिन्न राज्यों की एकता में विभिन्नता को दर्शाने वाले लोकनृत्य पेश किए। इनमें गुजरात का डांडिया, हिमाचल का नाटी, असम का बिहू वगैरह की प्रस्तुति दी।
इसके बाद राजकीय विद्यालय सेक्टर-26 की छात्राओं ने ‘दुनिया के में भारत, भारत में हरियाणा’ नामक नृत्य के माध्यम से दर्शकों की तालियां बटोरी। इसके बाद सेंट सोल्जर स्कूल सेक्टर-16 के छात्र-छात्राओं ने पंजाबी भंगड़ा की शानदार प्रस्तुति दी। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7 के बच्चों ने राष्ट्रीय गान पेश कर फाइनल रिहर्सल कार्यक्रम को संपन्न किया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त हिमाद्री कौशिक, एएसपी मनप्रीत सिंह, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, नगराधीश विश्वनाथ, जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक
मार्च पास्ट की सलामी ली
फाइनल ड्रेस रिहर्सल में परेड कमांडर एसीपी आशीष कुमार के नेतृत्व में आईटीबीपी भानू की प्लाटून कमांडर एसआई रेणू कुमारी, हरियाणा पुलिस पंचकूला पीएसआई विजेंद्र कुमार, हरियाणा महिला पुलिस पंचकूला एएसआई शिवानी, हरियाणा गृह रक्षक दल के सब इंस्पेक्टर ईश्वरी दत्त की अगुवाई में मार्चपास्ट किया। अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने मार्च पास्ट की सलामी ली।