पंचकूला। सर एडमंड राइस अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में सतलुज पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मैच में सतलुज पब्लिक स्कूल की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-44 स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल को 7 विकेट से हरा दिया और टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।
सेंट जॉन्स हाईस्कूल सेक्टर-26 में खेले गए मैच में ट्राईसिटी के आठ स्कूलों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करते हुए सतलुज के युवा क्रिकेटरों ने बेजोड़ प्रतिभा, टीम वर्क और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए सतलुज की टीम ने सेंट जेवियर्स की टीम को 10 ओवर में 41रन पर समेट दिया। सतलुज पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अयान गुप्ता और जाविन सचदेवा दे दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सतलुज की टीम ने 4.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 42 रन बना कर जीत दर्ज कर ली। इसमें मनन पांडे ने नाबाद 15 रन की पारी खेली।
रणविजय को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब दिया गया। सतलुज ग्रुप ऑफ स्कूल्स के प्रबंध निदेशक रीक्रिट सेराइ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत से वह टूर्नामेंट जीत पाए हैं। यह स्कूल के लिए गौरव बढ़ाने का शानदार उदाहरण है।