माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मांगों को लेकर सेक्टर-14 नगर निगम दफ्तर के बाहर पंचकूला सफाई कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल से सेक्टरों में गंदगी का आलम है। सेक्टरों में जगह-जगह गंदगी पड़ी होने से लोग परेशान हैं। हड़ताल के तीसरे दिन भी 620 सफाईकर्मियों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि व्हाट्सअप नंबर सहित अन्य जगहों पर फोन करने के बावजूद कूड़े का उठान नहीं किया जा रहा है।
पंचकूला सफाई कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन नरसिंह, प्रधान जिले सिंह, उप्रप्रधान संजीव जलोली ने बताया कि सामान काम, सामान वेतन की मांग पर अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। सरकार से मांग कर रहे हैं कि हमारी मांग मानी जाए। नियमित करने की मांग पर अभी तक सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। लगातार दिक्कत हो रही है। निगम के अधिकारियों से जब भी इस बारे में बात की जाती है, तो वह तानाशाही रवैया अपनाकर कोई काम नहीं करते हैं। इस कारण जब तक हमारा हक हमें नहीं मिलेगा, एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल के बाद नहीं हुई सफाई
अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शहर के सेक्टर-16 में लगे वेस्ट मैटेरियल का उठाना नहीं हो पाया है। इसके साथ ही शहर के सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11, 12, 15, 20 के पार्क और अंदर की रोड की सफाई नहीं हुई है। सेक्टर-6, 7, 8, 9 और 10 में लगी ई डस्टबिन से भी कूड़े का उठान नहीं किया गया है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। सफाईकर्मियों की हड़ताल के बाद सेक्टरों की रोड और पार्कों की सफाई नहीं हुई है। सेक्टर-20 की सोसाइटी से कूड़े का उठान भी लोगों के घरों से नहीं हो पाया है।
सोसाइटी में दो दिन से कूड़ा नहीं उठा
सोसाइटी में दो दिन से कूड़ा नहीं उठा है। रेहड़ी पर निगमकर्मियों की तरफ से कूड़ा उठाने का काम बंद हो गया है। सेक्टर की रोड में भी गंदगी का आलम है। इस पर निगम को सख्त कदम उठाना चाहिए। - अविनाश मलिक, महासचिव, आरडब्ल्यूए सेक्टर-20
सफाई में आए दिन बनी रहती है कमी
डोर टू डोर कूड़ा उठान थोड़ा सा ठीक हुआ है लेकिन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद सेक्टर की मार्केट में गंदगी है। डस्टबिन साफ नहीं हैं। पार्कों और रोड गली की सफाई नहीं हुई है। इस कारण परेशानी हो रही है। - एसके नैय्यर, प्रेसिडेंट, पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन
सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके लिए व्हाट्सअप नंबर जारी किया गया है। अगर कहीं ज्यादा कूड़ा है, तो लोग दिए नंबर पर फोटो डालें। तीन घंटे के अंदर कूड़े का उठान करेंगे। - सचिन गुप्ता, कमिश्नर, नगर निगम, पंचकूला