पंचकूला सेक्टर 20 की मार्केट के सामने धरने पर बैठे आरडब्ल्यूए मेंबर्स।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। अपनी मांगों को लेकर सेक्टर-20 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का धरना प्रदर्शन चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान रेजिडेंट वेलफेयर के सदस्यों के साथ सोसाइटी की महिलाओं ने भी भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने भी वोटिंग का बहिष्कार करने की बात कही।
आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने रोष जताते हुए कहा कि मांगों के लिए सभी नेता आए दावे कर गए, लेकिन अभी तक काम करने का स्थायी दिन किसी ने नहीं बताया। इसी वजह से हम बिना किसी हंगामे के शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन करेंगे। शनिवार को महिलाओं की ओर से मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट केके जिंदल ने कही। उन्होंने बताया कि हर चुनाव में नेताओं की ओर से अंडरपास, ओवरब्रिज बनाने की बात कही जाती है, लेकिन आज तक ये मांगें पूरी नहीं हुईं। सदस्यों ने कहा कि हर चुनाव में नेता ऐसे ही वादा करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद भूल जाते हैं।
आरडब्ल्यूए के सेक्रेटरी अविनाश मलिक ने बताया कि 15 से शुरू हुआ धरना 19 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें मुख्य मांग सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को सही कराया जाना है। इसके अलावा सेब मंडी में ट्रकों की भरमार को रोका, सेक्टर के इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रैफिक समस्या को देखते हुए 6000 ईडब्ल्यूएस मकानों का निर्माण किसी दूसरी जगह करने पर विचार आदि है। इन्हीं मांगों को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।
एसोसिएशन आई समर्थन में
पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एसके नैय्यर ने सेक्टर-20 के लोगों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि शहर में एनहांसमेंट, सीवरेज जाम की यह समस्या बनी हुई है। इसका निवारण किया जाना चाहिए जिससे कि शहर के लोगों की दिक्क्त न हो।