पंचकूला। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की टीम ने दो अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें और 10 डीपीसी को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई अर्बन एरिया के अंतर्गत आते गांव टिपरा और गांव दमदमा की राजस्व संपदा के अंतर्गत आती दो अवैध काॅलोनियों में की गई है। उपायुक्त मोनिका गुप्ता के मार्गदर्शन में डीटीपी संजय नारंग के नेतृत्व यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा पेरीफेरी कंट्रोल एरिया पंचकूला के तहत नंदपुर में अवैध निर्माण और गांव जल्ला में अवैध निर्माण के विरुद्ध तोड़फोड़ की गई है।
इस कार्रवाई में एटीपी अशोक कुमार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं मोहित शर्मा एफआई के साथ भारी पुलिस बल मौजूद था। जानकारी देते हुए डीटीपी संजय नारंग ने बताया यह कार्रवाई करने से पहले इनको नोटिस भी दिया गया था, लेकिन नोटिस के बाद भी इन्होंने अवैध निर्माण को नहीं हटाया। इसके बाद ही अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई अमल में लाई गई है। नारंग ने बताया कि कोई भी नागरिक पंचकूला जिला में निर्माण कार्य बिना अनुमति के न करें। विभाग से अनुमति लेकर ही कोई निर्माण कार्य किया जाए।