पंचकूला। नए वर्ष 2025 में पंचकूला के लोगों को तीन नए मार्गों का तोहफा मिलने वाला है। इनमें सेक्टर-24/26 के राउंड अबाउट से सेक्टर-20/21 की विभाजित सड़क तक घग्गर नदी पर बनने वाला पुल, एमडीसी सेक्टर-6 से सुखना के रेगुलेटरी तक बनने वाला मार्ग, सेक्टर-20/21 और सेक्टर-12/12ए की विभाजित सड़क को जोड़ने के लिए हाईवे पर बनने वाला अंडरपास, सेक्टर-12/4 की विभाजित सड़क को जोड़ने वाला अंडरपास शामिल है। इससे पंचकूला शहरी क्षेत्र के रास्ते सुगम हो जाएंगे। वहीं कुछ सेक्टरों की हाईवे से कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। साथ पंचकूला एमडीसी से चंडीगढ़ को एक नया रास्ता मिल जाएगा।
एक जनवरी से हाईवे की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
पंचकूला सेक्टर-20/21 और सेक्टर-12/12ए की विभाजित सड़क को हाईवे से जोड़ने के लिए फ्लाईओवर को तोड़कर 31.25 करोड़ रुपये की लागत से 8 अंडरपास बनाए गए हैं। इनमें 4 अंडरपास सेक्टर-20 और 21 की विभाजित सड़क से सेक्टर-12ए की तरफ जाने के लिए बने हैं। चार अंडरपास सेक्टर 12/12ए विभाजित रोड से सेक्टर-20 और 21 की तरफ जाने के लिए बनाए जा रहे हैं। इनमें सात का काम पूरा कर लिया गया है। आठवें पॉकेट में काला लुक डालने का काम शेष रह गया है। इसका काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जनवरी से लोगों की आवाजाही के लिए अंडरपास के सभी पॉकेट खोल दिए जाएंगे। इससे हाईवे की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। यह जानकारी निजी कंपनी के इंजीनियर कुलदीप परमार ने दी।
पंचकूला से सुखना तक सात मिनट का होगा सफर
माता मनसा देवी कांप्लेक्स (एमडीसी) सेक्टर-7 और 2, एमडीसी-7 और 3 की डिवाइडिंग रोड से होकर चंडीगढ़ की आईटी पार्क की ट्रैफिक लाइटों से पहले सुखना रेगुलेटरी एंड तक 13 करोड़ की लागत से 1.90 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 200 मीटर सड़क का काम पूरा कर लिया गया है। 600 मीटर का शेष रह गया है। इसका रास्ता पंचकूला की तरफ से एमडीसी सेक्टर-6 के वेलकम गेट से खुलेगा। इस मार्ग के निर्माण के बाद एमडीसी से महज पांच से सात मीटर के भीतर सुखना रेगुलेटरी एंड तक पहुंचा जा सकेगा। अभी डॉल्फिन चौक से सुखना तक 15 से 20 मिनट का समय लगता है। यह जानकारी एचएसवीपी के एक्सईएन एनके पायल ने दी।
मार्च 2025 से घग्गर पार के रास्ते होंगे सुगम
सेक्टर-24/26 के राउंड अबाउट से सेक्टर- 20/21 की विभाजित सड़क तक घग्गर नदी पर बनने वाले 50 करोड़ के पुल का काम पूरा हो चुका है। सेक्टर-20/21 डिवाइडिंग रोड तक जुड़ने वाले सड़क का बीच करीब 500 मीटर का काम शेष रह गया है। अभी यहां सड़क निर्माण से पहले मिट्टी भरने का काम चल रहा है। इसके बाद सड़कों की रिकारपेटिंग होगी। मिट्टी समय पर नहीं मिलने के चलते प्रोजेक्ट इस साल पूरा नहीं हो पाया है। इसके अलावा पुल के दोनों पर पर ग्रिल भी लगाई जाएगी। अगले साल 2025 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे घग्गर पार के सेक्टरों की राह आसान हो जाएगी। वहीं जीरकपुर के पीरमुछल्ला से आने वाले लोग भी घग्गर पार आसानी से आ और जा सकेंगे।