पंचकूला। रात को घड़ियाें की सुइयों ने 12 बजाए तो होटल, क्लब, बार, रेस्टोरेंट हैप्पी न्यू ईयर से गुंजायमान हो गए। लोग सेल्फी लेकर और वीडियो कॉल कर अपने दोस्तों, रिश्तेदारों को नए साल की मुबारकबाद देने लगे। लोगों को अपने वाहनों पर जिले की सड़कों पर नया साल का जश्न मनाते देखा गया। कई जगह आतिशबाजी से आसमान रोशन हो गए।
देर रात तक जिले के होटल, क्लब और बार गुलजार रहे। शाम से ही जिले की सड़कों पर जाम का आलम था। एमडीसी-6 जिम खाना क्लब सकेतड़ी में मनकीरत औलख ने जुगाड़ी जट... की शानदार प्रस्तुति दी। श्री माता मनसा देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा था। यहां पंजाबी गायक रोजर प्रिंस ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को निहाल कर दिया। सेक्टर-10, सेक्टर-5, सेक्टर-3 के अलावा पिंजौर, कालका और मोरनी में जश्न मनाया।
नए साल 2025 के स्वागत के लिए मौके पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम रहा। मंगलवार को सुबह से ही सड़कों पर पुलिस की तैनाती रही। शहर के 26 मुख्य मार्गों पर दिनभर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 सौ पुलिसकर्मी तैनात रहे।
पुराने साल की विदाई और नए साल के स्वागत के लिए देर रात सड़कों पर भारी संख्या में लोगों को जश्न मनाते देखा गया। नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी देर रात सड़कों पर लोगों को रोककर चेक करते नजर आए। इसके अलावा होटलों के बाहर भी पुलिस बल के जवान तैनात रहे। पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक के आदेश पर धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहे।