दो साल से बदहाल 300 मीटर लिंक रोड, पैदल चलना भी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पिंजौर तक पहुंचने वाला करीब 300 मीटर लंबा लिंक रोड जर्जर हालत में है। सड़क की बदहाली के कारण छात्रों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी रामलाल और हिमांशु ने बताया कि इस मार्ग से आईटीआई के छात्रों के साथ-साथ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी आते-जाते हैं, इसके बावजूद पिछले दो वर्षों से सड़क की हालत नहीं सुधरी। सड़क पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
लोगों का कहना है कि आईटीआई में प्रतिदिन सैकड़ों छात्रों की आवाजाही होती है, इसलिए इस सड़क का जल्द निर्माण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है।