संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। कस्बे में मौली पुलिस चौकी तक सड़क गड्ढों में तबदील हो गई है। इस कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौली निवासी मिथुन राणा, करण नंबरदार, गुरनाम सिंह, वीरेंद्र सिंह, करनैल सिंह, लक्ष्मण दास, सतपाल राणा आदि ने बताया कि यह सड़क मार्ग पिछले कई महीनों से टूटा पड़ा है, लेकिन संबंधित विभाग पीडब्ल्यूडी इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा।
इसका खामियाजा सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण यहां पर आए दिन सड़क दुर्घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि वे सड़क मरम्मत करवाए जाने की मांग पीडब्ल्यूडी विभाग से कई बार कर चुके हैं लेकिन विभाग की ओर से आज तक उनकी समस्या पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। इस कारण क्षेत्र के लोगों में टूटी सड़क को लेकर काफी रोष है। वहीं, इस समस्या के बारे में जब पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई तरुण शर्मा से बात की तो उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत के कार्य का टेंडर हो चुका है। जल्द ही टूटी सड़क की मरम्मत शुरू करवा दी जाएगी।