हरियाणा में टीकाकरण की रफ्तार तेज करने के लिए सरकार ग्लोबल टेंडर जारी करने जा रही है। इसके जरिये वैक्सीन की कमी को पूरा किया जाएगा। एक-दो दिन में टेंडर जारी कर वैक्सीन आपूर्ति के लिए 8-10 दिन में कंपनी चुन ली जाएगी। स्पूतनिक सहित अन्य कंपनियों की वैक्सीन पर भी सरकार की नजर है।
गुरुवार को सीएम मनोहर लाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 18 से 44 वर्ष के आयुवर्ग वालों को टीकाकरण के लिए जहां से भी संभव होगा, वहां से वैक्सीन लाएंगे। अभी तक इस वर्ग को टीकाकरण के लिए छह लाख डोज मिली हैं। इसके साथ ही दूसरी डोज वालों को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरों में टीकाकरण तेजी से हो रहा है, गांवों में भी इसमें तेजी आए, इसका रास्ता निकाल रहे हैं।
कुल डोज के 20 प्रतिशत टीके का इस्तेमाल अग्रिम पंक्ति में काम कर रहे ऊर्जा, परिवहन, जन स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के कर्मचारियों पर किया जाएगा। अभी टीकों की कम उपलब्धता के कारण थोड़ी कठिनाई आ रही है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोरोना वैक्सीन की खरीद के लिए ग्लोबल टेंडर किया जाएगा। इससे हरियाणा में 18 वर्ष से अधिक के नागरिकों को शीघ्र वैक्सीन उपलब्ध करवाई जा सकेगी।
राज्य में 18 साल से ऊपर के सभी नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन दी जाएगी। कोरोना के खिलाफ मजबूत सुरक्षा चक्र बनाने के लिए वैक्सीनेशन बहुत जरूरी है। इसलिए सरकार को विश्व में जहां कहीं से भी वैक्सीन मिलेगी, जल्द से जल्द लाकर नागरिकों को लगाएगी।
ऑक्सीजन आवंटन की समीक्षा की जरूरत
विज ने कहा कि ऑक्सीजन आवंटन की समीक्षा की आवश्यकता है। इस मामले को उन्होंने केंद्र के सामने उठाया है। दिल्ली में 85 हजार एक्टिव मरीजों पर 700 एमटी ऑक्सीजन और हरियाणा में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव मरीजों पर महज 258 एमटी ऑक्सीजन दी जा रही है।