संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शेयर मार्केट में निवेश करने का झांसा देकर सेक्टर-2 निवासी सेवानिवृत्त कर्नल से 2.34 करोड़ रुपये ठगने का मामला सामने आया है।आरोपियों ने जब जमा और मुनाफा रकम निकालने से पहले ब्रोकरेज फीस 6.18 करोड़ रुपये जमा कराने को कहा तो सेवानिवृत्त कर्नल को शक हुआ। उन्होंने साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-2 निवासी ने शिकायत में बताया कि उनकी उम्र 80 साल है। वे कर्नल के पद से सेवानिवृत्त हैं। 17 जुलाई 2024 को वे घर पर थे। उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक संदेश आया, जिसमें शेयर मार्केट में निवेश करने की जानकारी दी गई थी। संदेश में कहा गया था कि हजारों लोग सही शेयर खरीदकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। आरोपियों द्वारा शेयर की कुछ जानकारी दी गई, जो बिल्कुल सही थी। इस प्रकार झांसे में आकर उन्होंने कुछ रकम निवेश करने की इच्छा जताई। इसके बाद आरोपियों ने उनको लिंक देकर ग्रुप से जोड़ दिया। उनसे एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई गई। उन्होंने अपना पैन और आधार कार्ड नंबर डाला और एप चलाना शुरु कर दिया। साइबर थाना एसएचओ मुनीष शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। एकाउंट की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले दो लाख लगाए तो तीन लाख रुपये मिले
इसके बाद उनके पास एक महिला का कॉल आया। वह उस ग्रुप के स्टॉक मार्केट की जानकारी दे रही थी। उन्होंने बताए अनुसार निवेश करना शुरू कर दिया। उन्होंने पहले दो लाख रुपये निवेश किए, इसके बदले उनको तीन लाख रुपये वापस दिए गए। इस तरह उनको विश्वास में ले लिया। वे लगातार निवेश करते रहे। उन्होंने कुल 2.34 करोड़ रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद तीन सितंबर को ग्रुप के लोगों ने कहा कि सितंबर का महीना आ गया है, अब नए ग्रुप में एड करके नई जगह रुपये निवेश करवाएंगे।
16 करोड़ का मुनाफा दिखाकर छह करोड़ मांगे
आरोपी ने बताया कि आपने अब तक कुल 2.34 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। आपके द्वारा जमा कराई गई राशि का मुनाफा 16.84 करोड़ रुपये है। यदि रकम निकालना चाहते हैं तो ब्रोकरेज फीस 6.18 करोड़ रुपये बनती है। पहले आपको यह देना होगा। इसके बाद शिकायतकर्ता को शक हुआ।