चंडीगढ़। पंजाब में नीट यूजी के तहत मेडिकल कॉलेजों में बेचलर ऑफ मेडिसन एंड बेचलर ऑफ सर्जरी (एमबीबीएस) और बेचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस ने एनआरआई कोटे की नई सूची जारी कर दी है, जिसमें 66 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं। इससे पहले यूनिवर्सिटी ने दो अलग-अलग सूचियां जारी की थीं। एक में असल एनआरआई कोटे और दूसरी में स्पॉन्सर एनआरआई कोटे के उम्मीदवारों को शामिल किया गया था। यही कारण है कि नई सूची में अब 45 फीसदी से अधिक उम्मीदवारों के नाम शामिल नहीं हैं। पंजाब सरकार ने एनआरआई कोटे के तहत दाखिले के लिए नियमों में संशोधन किया था, जिसके तहत एनआरआई के लिए ब्लड रिलेशन में अपने निकटतम संबंधियों के लिए सीट स्पाॅन्सर करने का प्रावधान किया था।
इसके बाद ही मामला हाईकोर्ट चला गया था, जिस कारण यूनिवर्सिटी ने अपनी मेरिट सूची होल्ड कर ली थी। अब हाईकोर्ट की तरफ से सरकार के नियमों में संशोधन करने के फैसले को रद्द कर दिया गया है, जिसके बाद यूनिवर्सिटी ने यह सूची जारी की।
मेडिकल व डेंटल कॉलेज की तरफ से प्रदेश में एनआरआई कोटे के तहत 185 सीटें एमबीबीएस और 196 सीटें बीडीएस के लिए आरक्षित हैं। पहले यूनिवर्सिटी ने 120 उम्मीदवारों की मेरिट सूची जारी की थी, जिसमें संशोधित नियमों के तहत 66 उम्मीदवारों की एनआरआई और 54 उम्मीदवारों की सूची एनआरआई स्पॉन्सर कैटेगरी के तहत शामिल थी। अब कोर्ट के आदेश के बाद यूनिवर्सिटी ने 54 स्पॉन्सर उम्मीदवारों की सूची को रद्द कर दिया गया है। एनआरआई कोटे के तहत दाखिला बढ़ाने के लिए ही सरकार ने नियमों में बदलाव किया था, क्योंकि अगर ये सीटें एनआरआई कैटेगरी के अंदर अलॉट नहीं होती हैं तो जनरल कैटेगरी के तहत अलॉट की जाती हैं।
दूसरे राउंड के तहत काउंसलिंग भी शुरू :
इसी तरह एनआरआई कैटेगरी में यूनिवर्सिटी की तरफ से दूसरे राउंड का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। दूसरे राउंड की काउंसलिंग के लिए 14 सितंबर को खाली पड़ी सीटों की सूची जारी की जाएगी। इसी तरह 16 सितंबर को प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। 17 को सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और 18 सितंबर को प्रोविजनल अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। संशोधित नियमों के तहत एनआरआई कोटे में ज्यादा सीटें खाली रहने की संभावना कम थी, लेकिन अब इस कैटेगरी में सीटें खाली रह जाएंगी।