पंचकूला में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी सूरत में बच नहीं पाएंगे। नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को सबक सिखाने की पुख्ता तैयारी पुलिस प्रशासन ने कर ली है।
अभी तक मैन पावर की कमी के चलते ट्रैफिक पुलिस को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन 37 रिटायर्ड फौजी अफसरों के ज्वाइन करने से यह समस्या खत्म हो गई है। यह रिटायर्ड फौजी अफसर ट्रैफिक पुलिस के साथ शहर में ट्रैफिक को नियंत्रित करेंगे। इतना ही नहीं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने में चालानिंग अफसर (एनजीओ-नान गजटेड अफसर) की मदद करेंगे।
पंचकूला पुलिस ने ट्रैफिक को लेकर एक सर्वे करवाया है और उसी के आधार पर पुलिस ने 26 प्वाइंट्स तय किए हैं जिसमें नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस का दस्ता मौजूद होगा। इस दस्ते में स्पेशल पुलिस अफसर (रिटायर्ड फौजी), कांस्टेबल, एनजीओ मौजूद होंगे। इसके साथ ही पीसीआर भी मौके पर होगी। पंचकूला ट्रैफिक पुलिस द्वारा कालका से लेकर रामगढ़ तक यह नाके लगाए जाएंगे।
सिटी में घूमेंगे फ्लाइंग अफसर
पंचकूला पुलिस ने कुछ फ्लाइंग अफसर तैयार किए हैं। जो अपने वाहनों पर शहर में घूमेंगे। फ्लाइंग अफसरों को सरप्राइज नाका लगाने की भी पावर दी जाएगी, जिससे वह ट्रैफिक का उल्लंघन करने वालों को रोक सकें।
15 एल्को सेंसर खरीदेगी पुलिस
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस के पास अभी दो एल्को सेंसर है और जल्द ही यह 15 और एल्को सेंसर खरीदेगी। पुलिस उन नाकों पर एल्को सेंसर देगी जहां ज्यादा ड्रंक एंड ड्राइव का अंदेशा होता है।
सफेद-नीले रंग की पोशाक में होंगे फौजी
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस का साथ देने के लिए रिटायर्ड फौजी सफेद और नीले रंग की ड्रेस में होंगे। उनके लिए यह स्पेशल ड्रेस तैयार करवा ली गई है। जल्द ही इन रिटायर्ड फौजियों को ट्रैफिक में लगाया जाएगा।
पंचकूला में ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने के लिए योजना तैयार की गई है। जल्द ही इसको लागू किया जाएगा। हम 26 प्वाइंट पर नाके लगाएंगे। हरके नाके पर ट्रैफिक पुलिस के एनजीओ के साथ कांस्टेबल और पीसीआर होगी। इसके साथ ही फ्लाइंग अफसर होंगे जो कि राउंड पर होंगे और सरप्राइज नाका लगाएंगे। हमारा उद्देश्य है कि लोग ट्रैफिक के नियमों का पालन करें। इससे न सिर्फ दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा बल्कि ट्रैफिक भी सुचारू चलाया जा सकेगा।
मुनीष सहगल, एसीपी ट्रैफिक पंचकूला