पंचकूला। गांव नग्गल के ग्रामीणों की ओर से पेयजल की समस्या और बस स्टाॅपेज बनाने की मांग पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया ने संज्ञान लिया। साथ ही उन्होंने विभागों के अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और मौके का मुआयना कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
सेक्टर-1 लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में वह लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। एसडीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देशानुसार लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। जिला स्तर पर ये शिविर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं।
समाधान शिविर में एसडीएम ने 5 ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर में समस्याएं रखकर समाधान सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर शिविर में एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश जागृति, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, तहसीलदार सुरेश कुमार, जिला वन अधिकारी, जिला बागवानी अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी बी एंड आर, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग, नगर निगम, नगर परिषद, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।