कालका। गत मंगलवार को कालका के कुराड़ी मोहल्ला के एक घर से कोरोना वायरस संक्रमण के लक्ष्णों के चलते पंचकूला के नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 9 वर्षीय लड़के की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
रिपोर्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। पंचकूला सिविल सर्जन जसजीत कौर ने बताया कि शक के आधार पर बच्चे को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करके टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए थे। उन्होंने बताया कि टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब बच्चे को डिस्चार्ज करके घर पर ही रहने की सलाह दी जाएगी।
गौरतलब है कि गत मंगलवार को कालका के कुराड़ी मोहल्ले में अपने रिश्तेदारों के घर आए एक बच्चे को खांसी, जुकाम की शिकायत के चलते ईलाज के लिए शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया था। अस्पताल में डॉक्टर को जब शक हुआ तो उन्होंने पूरी जानकारी ली तो पाया कि लड़का कुछ दिनों पहले ही अपनी मां के साथ अमेरिका से आया था। डॉक्टर ने तुरंत ने इसकी जानकारी शहर के सरकारी अस्पताल में दी। जानकारी मिलते ही सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत हरकत में आते हुए इसकी जानकारी पंचकूला नागरिक अस्पताल में दी, जिसके बाद पंचकूला अस्पताल से आकर एक एंबुलेंस पूरे परिवार को जांच के लिए ले गई थी।