चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने किसानों को राहत देते हुए कृषि ट्यूबवेल कनेक्शनों पर अतिरिक्त लोड नियमित कराने की स्वैच्छिक घोषणा योजना (वीडीएस) की अवधि 45 दिन बढ़ा दी है। अब किसान 29 दिसंबर तक अपने ट्यूबवेलों का अनधिकृत अतिरिक्त लोड नियमित करा सकेंगे।
सरकार ने योजना के तहत सर्विस कनेक्शन शुल्क 6,572 से घटाकर 2,500 रुपये प्रति बीएचपी कर दिया है। वहीं, सिक्योरिटी डिपॉजिट भी 400 से घटाकर 200 रुपये प्रति बीएचपी कर दिया गया है। योजना की अवधि के दौरान अतिरिक्त लोड की स्वयं घोषणा करने या निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त लोड पकड़े जाने पर भी किसानों से कोई जुर्माना या लोड सरचार्ज नहीं वसूला जाएगा।
बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार कृषि ट्यूबवेलों पर मौजूद अनधिकृत अतिरिक्त लोड नियमित कराने का सरल और किफायती अवसर देना है। यह योजना पहले 1 अक्टूबर से 14 नवंबर तक 45 दिन के लिए लागू की गई थी। अब इसे 45 दिन और बढ़ा दिया गया है।