कालका। विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेलमार्ग पर गैंग क्वार्टर में पानी की सप्लाई देने वाली अप मिक्स ट्रेन की अब रेगुलर सेवा शुरू हो गई है। कोरोना काल के बाद यह ट्रेन कभी-कभार आवश्यकता पड़ने पर चलाई जा रही थी, लेकिन बुधवार 9 अप्रैल से यह ट्रेन रोजाना चलाई जाने लगी है।
इस ट्रेन में पानी की टंकी रखी होती है। ट्रेन रास्ते में पड़ने वाले गैंग क्वार्टर में पानी की सप्लाई देते हुए आगे बढ़ती है। इसमें यात्रियों की संख्या व सुविधा के अनुसार तीन से चार जनरल कोच भी जोड़ दिए जाते हैं। ये यात्री कालका से शिमला तक सफर करते हैं। इसमें प्रति व्यक्ति किराया मात्र 25 रुपये होता है। यह ट्रेन कालका से सुबह 8 बजे रवाना होती है। अगले दिन शिमला से इसी समय पर कालका के लिए डाउन मिक्स बनकर चलती है।