रिकॉर्ड में हेरफेर और लापरवाही पर कार्रवाई, कैथल किया गया मुख्यालय निर्धारित
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। रामगढ़ ब्लॉक में सीसीटीवी कैमरों और चेक पोस्ट को रिकॉर्ड से गायब करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फॉरेस्टर जोगिंदर सिंह को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कर्तव्य में लापरवाही और अनियमितताओं के चलते की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश पर 20 मार्च को मामले में एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई थी। जांच में सामने आया कि जोगिंदर सिंह ने कार्यभार सौंपते समय सीसीटीवी कैमरों और चेक पोस्ट के विवरण में हेरफेर की और बाद में उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया।
प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट द्वारा जारी आदेशों के तहत हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम 2016 के नियम-5 के अनुसार उन्हें 21 मार्च से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय डीएफओ (टी) कैथल कार्यालय में रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।