खैर तस्करी का मामला, ठेकेदार गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी, पंचकूला। गांव आसरेवाली में खैर के पेड़ों की तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच-26 ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार अनिल कुमार निवासी राजपुरा को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से खैर की लकड़ी और वारदात में इस्तेमाल वाहनों की बरामदगी की जाएगी।।वहीं, इस गिरोह से जुड़े लकड़ी खरीददार राकेश और अश्वनी का रिमांड पर है। पुलिस जांच में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्य आरोपी इमरान उर्फ मान्ना सहित कई सदस्यों को पहले ही पकड़ा जा चुका है। जांच में सामने आया है कि यह संगठित गिरोह जंगलों में अवैध कटाई कर खैर की लकड़ी विभिन्न खरीददारों तक पहुंचाता था।