दिनभर रुक-रुक कर बरसात, सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में मंगलवार को हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक बनी रही। सुबह करीब 11 बजे हल्की बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुक कर दिनभर जारी रही। रात के समय भी तेज बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। लगातार हुई बरसात के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मंगलवार देर रात तक रुक रुककर बारिश होती रही।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और फेज-2 के साथ सेक्टर-21, सेक्टर-23 सहित कई रिहायशी क्षेत्रों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया। जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर सड़कें जाम रहीं, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हुई।
रात के समय भी बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों की चिंता बढ़ी रही। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम ठंडा बना रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।