फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश ने जिले को झकझोरा: कालका में पुल टूटा, मोरनी में हाईवे बंद, बरवाला में पुल के सिरे में दरार

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला में सड़कें जलमग्न, सिविल अस्पताल के मेडिकल स्टोर में घुसा पानी
विज्ञापन

हंडिया में घरों का सामान बहा, 172 यात्री सेना के वाहनों से कालका पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका / मोरनी / बरवाला/ पंचकूला। लगातार बारिश ने पूरे जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कालका के हंडिया मोहल्ले में तेज बहाव से 28 साल पुराना लोहे का पुल टूट गया और कई घरों का सामान बह गया। कालका-शिमला रेलखंड पर मलबा आने से 172 यात्रियों वाली एक्सप्रेस ट्रेन को कोटी में रोकना पड़ा और सेना के वाहनों से यात्रियों को कालका पहुंचाया गया। मोरनी-रायपुररानी मार्ग लगातार दूसरे दिन लैंडस्लाइड से चार घंटे बंद रहा। बरवाला में टोडा टांगरी नदी पुल के एक सिरे में दरार आ गई और उसके नीचे से मिट्टी बहने का खतरा बढ़ गया। पंचकूला में औद्योगिक क्षेत्र से कई सेक्टर जलमग्न रहे, जबकि सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के मेडिकल स्टोर तक पानी पहुंच गया।

कालका : तेज बहाव में पुल टूटा, घरों का सामान बहा
हंडिया मोहल्ले में नदी के तेज बहाव से करीब 28 साल पुराना लोहे का पुल टूट गया। गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई राहगीर या वाहन नहीं था। नदी किनारे बने घरों में पानी घुसने से एलसीडी, फ्रिज, अलमारी, बर्तन, गैस चूल्हे और सिलिंडर समेत घरेलू सामान बह गया। कुछ मकानों के नीचे से मिट्टी खिसकने से उनकी नींव भी असुरक्षित हो गई। रमेश कुमार ने बताया कि तेज बहाव में एलसीडी, फ्रिज, अलमारी, बर्तन समेत काफी सामान बह गया। लक्ष्मी ने बताया कि कमरे के नीचे की मिट्टी खिसकने से मकान का हिस्सा हवा में लटक गया और अलमारी, फ्रिज, गैस चूल्हा, सिलिंडर व बर्तन बह गए। दीपु ने बताया कि शौचालय, बाथरूम, बरामदा, रसोई, चार सिलिंडर और करीब 50 हजार रुपये भी पानी में बह गए। सुनीता के अनुसार घर की पिछली दीवार बह गई और फर्श के नीचे की मिट्टी निकलने से घर खोखला हो गया। एसडीएम कालका संयम गर्ग ने कहा कि हंडिया मोहल्ले का जायजा लिया गया है। लोगों की सुरक्षा के लिए इरिगेशन और संबंधित विभागों को तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षतिग्रस्त पुल पर नगर परिषद को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

शहर के अन्य हिस्सों में भी नुकसान :
शर्मा कॉलोनी में सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। खेड़ा सीताराम में पाइपलाइन डालने के बाद की गई सड़क की मरम्मत उखड़ गई। बाड़ गोदाम में पानी घरों में घुस गया।

कालका-शिमला ट्रैक पर गिरा मलबा, कोटी में रुकी एक्सप्रेस
गुम्मन-कोटी के बीच ट्रैक पर मलबा आने से ट्रेन संख्या 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस को 3:28 बजे कोटी में रोक दिया गया। ट्रेन में 172 यात्री थे। रेलवे ने सेना से समन्वय कर तीन वाहन मंगवाए। शाम 6:10 बजे वाहन पहुंचे और सभी यात्रियों को सड़क मार्ग से कालका लाया गया। यात्री करीब 7:20 बजे कालका पहुंचे। रेलवे ने पेयजल और जलपान की व्यवस्था की। अगले दिन ट्रेन संख्या 52457 और 52453 दो टॉय ट्रेनें भी रद्द कर दी गईं।

मोरनी : लगातार दूसरे दिन बंद हुआ मार्ग, रोडवेज बस फंसी
मोरनी-रायपुररानी मार्ग बुधवार सुबह करीब सात बजे लैंडस्लाइड के बाद बंद हो गया। तीन से चार घंटे तक यातायात ठप रहा और हरियाणा रोडवेज की बस भी फंस गई। कई स्कूली बच्चों को परेशानी के चलते छुट्टी करनी पड़ी। करीब 10 से 11 बजे रास्ता साफ होने के बाद यातायात बहाल हुआ।
बढ़ियाल में मकान पर खतरा : बढ़ियाल गांव में रमेश कुमार के घर के आगे करीब एक साल से क्षतिग्रस्त डंगा पूरी तरह गिर गया। इससे मकान पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार शिकायतों के बावजूद डंगे की मरम्मत नहीं हुई। कई कच्चे संपर्क रास्ते भी बंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा दीवार और क्षतिग्रस्त डंगों की मरम्मत की मांग की है।

बरवाला : टोडा टांगरी पुल के सिरे में दरार, मिट्टी बहने का खतरा
भारी बारिश के बाद टांगरी नदी के तेज बहाव की सीधी टक्कर टोडा टांगरी नदी पुल के किनारे से हो रही है। पानी के दबाव से पुल के एक सिरे के पास दरार आ गई है और किनारे के नीचे से मिट्टी बहने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी मिट्टी बहने के बाद पुल से आवाजाही रोकनी पड़ी थी। बाद में केवल मिट्टी डालकर रास्ता खोल दिया गया था। नदी के बाढ़ के पानी की निकासी के लिए पुल के दोनों ओर बनी पुलिया भी करीब तीन साल से टूटी पड़ी हैं। पीडब्ल्यूडी के जेई तरुण शर्मा ने बताया कि पुलियों के निर्माण के लिए टेंडर भेजा गया है और एक पुलिया का टेंडर पास हो चुका है। बरसात खत्म होते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। पुल के किनारे का भी मौके पर जायजा लेकर उसे जल्द ठीक कराया जाएगा।

पंचकूला : औद्योगिक क्षेत्र से सेक्टरों तक जलभराव, लंबा जाम
बुधवार की बारिश में औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 के मुख्य मार्ग और स्लिप रोड पर पानी भर गया। सेक्टर-1 और 2 की डिवाइडिंग रोड से बेलविस्ट चौक तक लंबा जाम लगा। सेक्टर-12ए में परशुराम भवन के सामने, सेक्टर-4-5, 9-10 और 7-10 की डिवाइडिंग रोड पर भी जलभराव से यातायात प्रभावित रहा। औद्योगिक क्षेत्र में माल ढुलाई भी प्रभावित हुई और उद्यमियों ने फैक्ट्रियों में पानी घुसने की आशंका जताई। वहीं सेक्टर-15 में 1442 नंबर के पास पेड़ सड़क पर गिर गया। पास बैठा मोची बाल-बाल बचा। पेड़ हटाने के बाद यातायात सामान्य हुआ।
विज्ञापन


सिविल अस्पताल का मेडिकल स्टोर भी पानी से घिरा
सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में बारिश का पानी मेडिकल स्टोर तक पहुंच गया। पुरानी बिल्डिंग की लिफ्ट के आसपास, पार्किंग और मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल के बाहर भी जलभराव रहा। इससे मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को आवाजाही में परेशानी हुई। मेडिकल स्टोर में पानी पहुंचने से दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रही। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और उनके परिजनों को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ा। लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें