सेक्टर-19 के अंडरब्रिज में बारिश के बाद भरा पानी बना परेशानी का कारण।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। सेक्टर-19 स्थित सीआईडी लाइन के पास रेललाइन पर बन रहे अंडरपास की अभी लोगों को सुविधाएं नहीं मिली हैं। यहां अंडरपास पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी होने लगी है। दो दिन की हल्की बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। रेलवे अंडरपास में पानी भर गया है। अंडरपास से लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत तो मिल जाएगी, लेकिन बारिश होने पर अंडरपास में जलभराव होने से लोगों की आवाजाही बाधित होगी।
बता दें कि सीआईडी लाइन के नजदीक बन रहे इस अंडरपास को औद्योगिक क्षेत्र स्थित अमरटैक्स सड़क से जोड़ा जा रहा है। अंडरपास का काम 31 जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। इस अंडरपास के चालू होने पर बलटाना और पंचकूला के बीच सुरक्षित और आसान रास्ता मिल जाएगा। दोनों तरफ के लोगों को इस अंडरपास के बनने का इंतजार है, लेकिन सही प्लानिंग के साथ अंडरपास का काम निर्माण नहीं किया गया है, जिसके चलते शुभारंभ से पूर्व ही जलभराव की स्थित बन रही है।
तीन साल से रास्ता बंद
सेक्टर-19 रेल लाइन के नीचे से जाने वाले रास्ते का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सेक्टर-20 कालका-शिमला हाईवे अंडरपास पर भी जाम की समस्या कुछ हद तक कम हो जाएगी, लेकिन इससे बारिश के दिनों में समस्या और ज्यादा बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस रास्ते को खोलने से पहले नगर निगम बरसाती पानी निकासी का उचित प्रबंध करे, तभी इस रेलवे अंडरपास को बनाने से हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।