हरियाणा सरकार की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने के चलते कुछ लोगों को होम क्वारंटीन रहने को कहा है। इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही कर सरकार के आदेशों की पालना नहीं कर रहे। संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ने के अंदेशा के कारण आदेश की पालना नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर रही है।
इस बार पुलिस ने क्वारंटीन के आदेश के बावजूद लापरवाही करने वाले एक व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। आरोपी गांधी कॉलोनी निवासी है। पुलिस नियमित रूप से होम क्वारंटीन किए लोगों की उनके घर जाकर जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस सेक्टर-4 स्थित गांधी कॉलोनी की झुग्गी नंबर 85 में पहुंची तो होम क्वारंटीन व्यक्ति घर पर मौजूद नहीं मिला। आसपास पूछताछ में पता लगा कि कुछ दूरी पर उसकी मां रहती है। पुलिस ने आरोपी की मां से पूछा तो पता लगा कि वह परिवार सहित रहता है।
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम द्वारा कुछ दिन पहले ही व्यक्ति को कोरोना संक्रमण के संदेह के चलते इलाज के लिए ले जाया गया था। फिर उसे होम क्वारंटीन किया गया था, लेकिन आरोपी व्यक्ति किसी को बताए बिना परिवार सहित किसी अन्य जगह चला गया है।
मनसा देवी पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ रविवार को धारा 188, 269, 270 और महामारी अधिनियम 1897 के तहत केस दर्ज किया गया। फिलहाल व्यक्ति की तलाश जारी है।