चंडीगढ़। कौमी इंसाफ मोर्चा 15 अगस्त को बंदी सिखों की रिहाई के समर्थन में गवर्नर हाउस तक रोष मार्च निकालेगा। सोमवार को नेताओं ने बताया कि फिरोजपुर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ध्वजारोहण कार्यक्रम में भी विरोध होगा। उन्होंने पंजाब और केंद्र सरकार पर बंदी सिंहों की रिहाई पर गंभीर न होने का आरोप लगाया।
नेताओं ने कहा कि मार्च को विफल करने के लिए जगतार सिंह हवारा की पैरोल की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने सिख समुदाय से अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की। पंथक राजनीतिक दलों व किसान संगठनों ने सभी वर्गों को 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। मोर्चे के संरक्षक गुरचरण सिंह पटियाला, मुख्य प्रवक्ता गुरदीप सिंह बठिंडा, कन्वीनर पाल सिंह फ्रांस और सह-कन्वीनर गुरिंदर सिंह भंगू मौजूद थे।