चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज को पटरी पर लाने की कवायद तेज हो गई है। हाई पावर परचेज कमेटी से 809 नई बसें खरीदने के साथ ही यार्ड मास्टर के 82 पद भरने को परिवहन मंत्री ने वित्त विभाग से मंजूरी दिला दी है। इसके साथ ही परिवहन विभाग में निरीक्षक से मुख्य निरीक्षक के पदों पर बड़े स्तर पर पदोन्नतियां हुई हैं।
रोडवेज में डिपो स्तर पर अब कर्मचारियों के पुराने काम लंबित नहीं रहेंगे। जायज कामों को जल्द सिरे चढ़ाकर डिपो के जिम्मेदार अधिकारियों को परिवहन निदेशक को शपथ पत्र सौंपना होगा। परिवहन निदेशक ने हाल ही में कर्मचारियों की मांगें व समस्याएं सुलझाने के लिए डिपो महाप्रबंधकों को इस संबंध में पत्र लिखा था, जिस पर अमल शुरू हो गया है। अब कर्मचारियों को रुका हुआ एरियर, एलटीसी, एसीपी, शिक्षा भत्ता, रात्रि भत्ता, मेडिकल बिल की पूतिपूर्ति व अन्य अदायगी जल्दी होने ही आस बंध गई है।
हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान दलबीर किरमारा, वरिष्ठ राज्य उप-प्रधान बलवान सिंह दोदवा और राज्य महासचिव आजाद गिल ने मांगों पर कार्रवाई, नई बसें खरीदने व पदोन्नतियों को लेकर परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शत्रुजीत कपूर व महानिदेशक वीरेंद्र दहिया का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि 809 साधारण नई बसें बेड़े में शामिल होने से रोङवेज को संजीवनी मिल जाएगी। आज विभाग में पर्याप्त मात्रा में बसें न होने के कारण रोडवेज की हालात काफी चिंतनीय है। तकरीबन बसें अपनी समय अवधि व माइलेज पूरी कर चुकी हैं। अगर ऐसी बसों को नियमानुसार कंडम किया जाता है तो रोडवेज बसों की संख्या 2 हजार से भी कम रह जाएगी। इसलिए यूनियन मांग करती है कि कम से कम 3 हजार बसें और रोडवेज बेड़े में शामिल की जाएं।