चंडीगढ़। बागवानी मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने नई दिल्ली में रॉयल डेनिश दूतावास के राजदूत फ्रेडी स्वैन के साथ बैठक की। पंजाब और डेनमार्क के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और व्यापार के लिए संभावित सहयोग पर केंद्रित इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान जौड़ामाजरा व डेनमार्क के राजदूत स्वैन ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की।इस दौरान पंजाब और डेनमार्क के बीच टिकाऊ कृषि और बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, बायोगैस क्षेत्र का विकास, भूजल प्रबंधन, कुशल सिंचाई तकनीक, जल संरक्षण और डेयरी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। बागवानी मंत्री ने पंजाब की समृद्ध कृषि विरासत और बागवानी क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंजाब सरकार राज्य की समृद्धि के लिए हर संभव कदम उठा रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रतिबद्ध है, जो राज्य के कृषि और आर्थिक विकास में बड़े पैमाने पर योगदान दे सकती है।
उन्होंने कहा कि बायोगैस के क्षेत्र में विकास, भूजल प्रबंधन और कुशल सिंचाई तकनीकों पर ध्यान केंद्रित करने से दोनों क्षेत्र सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में सक्षम होंगे। डेनिश राजदूत स्वैन ने टिकाऊ कृषि तकनीकों, नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी और जल प्रबंधन में डेनमार्क की विशेषज्ञता पर प्रकाश डाला और पंजाब के साथ संभावित सहयोग में गहरी रुचि व्यक्त की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह पंजाब और डेनमार्क के संबंधों को और मजबूत करने के लिए अगले कुछ दिनों में फ्रेडी स्वैन की मुलाकात मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से करवाने के लिए प्रयास करेंगे। यह बैठक राज्य स्तर पर भारत-डेनिश संबंधों की मजबूती के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिससे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके साथ ही यह कदम पंजाब के कृषि क्षेत्र और डेनमार्क के कारोबार दोनों के लिए फायदेमंद होगा।