चंडीगढ़। पंजाब में कोरोना से तेजी से बढ़ रही मृत्यु दर को घटाने के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों के चांसलरों के साथ बैठक का आयोजन किया। बैठक में उन्होंने सभी चांसलरों को राज्य की मृत्यु दर को घटाने पर फोकस करने को कहा। साथ ही कॉलेजों में स्वास्थ्य लाभ ले रहे संक्रमितों के इलाज में कोताही न बरतने के निर्देश दिए।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक में कामकाज की समीक्षा करते हुए सोनी ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के स्टाफ के वैक्सीनेशन के कार्य में और तेजी लाई जाए, जिससे वैक्सीनेशन का कार्य जल्द पूरा किया जा सके। आम लोगों के लिए चलाई जा रही टीकाकरण मुहिम को और बेहतर ढंग से चलाया जा सके।
उन्होंने मेडिकल कॉलेजों के प्रिंसिपल और मेडिकल सुपरिंटेंडेंटों को हिदायत की कि कोविड से पीड़ित मरीजों के इलाज के दौरान देखभाल को और बेहतर बनाया जाए, जिससे मृत्यु दर को घटाया जा सके। बैठक में अधिकारियों को सोनी ने आंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज मोहाली के कामकाज में और तेजी लाने के आदेश दिए।
इस अवसर पर बाबा फरीद हेल्थ साइंसेज यूनिवर्सिटी फरीदकोट के वाइस चांसलर डॉ. राज बहादुर, गुरु रविदास आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. बाल कृष्ण शर्मा कौशिक, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान डीके तिवाड़ी, विशेष सचिव राहुल गुप्ता, डायरेक्टर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान डॉ. सुजाता शर्मा और पंजाब राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और आयुर्वेदिक कॉलेजों के प्रिंसिपल और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट उपस्थित थे।