अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब ने मई 2025 के महीने के लिए शुद्ध जीएसटी संग्रह में रिकॉर्ड 25.31% की वृद्धि दर्ज की है, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में है। यह मई महीने के लिए अब तक का सबसे अधिक जीएसटी संग्रह है। मई 2025 में शुद्ध जीएसटी राजस्व बढ़कर 2,006.31 करोड़ रुपये हो गया, जो मई 2024 में 1,601.14 करोड़ रुपये था, जो 405.17 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्शाता है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस बढ़ोतरी के साथ पंजाब कर जुटाने में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि हमने कर चोरी पर अंकुश लगाया है। पंजाब को एक सीमावर्ती राज्य के रूप में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस अवधि के दौरान भारत-पाकिस्तान तनाव और युद्ध जैसी स्थिति शामिल थी, लेकिन बावजूद इसके जीएसटी राजस्व में राज्य ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 75.79 करोड़ के धोखाधड़ी वाले इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पर रोक लगाई, कोयला क्षेत्र में बड़ी कर चोरी का पता लगाया गया, जिसमें 225 करोड़ रुपये से अधिक के ऑफ-बुक लेनदेन और 11.65 करोड़ रुपये के कर चोरी शामिल थे। इसी तरह लुधियाना में 900 करोड़ के फर्जी सोने के लेनदेन का खुलासा, जिसमें 21 करोड़ का अयोग्य आईटीसी पर रोक लगाई गई।