चंडीगढ़। पंजाब पुलिस का युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान जारी है। शनिवार को पुलिस ने 301 स्थानों पर रेड की। इन दौरान 28 एफआईआर दर्ज की गईं और नशा तस्करी के आरोप में 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 620 ग्राम हेरोइन और 1612 नशीली गोलियां, कैप्सूल बरामद किए गए।
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि 70 वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में 900 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 100 से अधिक टीमों ने प्रदेशभर में रेड की। दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 316 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की। साथ ही 33 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों पर इलाज करवाने के लिए राजी भी किया गया।