चंडीगढ़। चुनावी माहौल के बीच पंजाब में गणतंत्र दिवस की तैयारियों शुरू हो गई हैं। 26 जनवरी को होने वाले समारोह का शेड्यूल जारी हो गया है। लुधियाना में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर झंडारोहण करेंगे। जालंधर में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, अमृतसर में गृहमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी बठिंडा में तिरंगा फहराएंगे।
पंजाब सरकार की ओर से बुधवार को समारोह के जारी किए शेड्यूल में जानकारी दी गई है कि विधानसभा स्पीकर राणा केपी सिंह एसबीएस नगर और डिप्टी स्पीकर अजब सिंह भट्टी फाजिल्का जिले में बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शामिल होंगे। सरकार के कैबिनेट मंत्रियों को भी जिलेवार तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी दी गई है। ब्रह्म मोहिंदरा फतेहगढ़ साहिब, मनप्रीत बादल पटियाला, तृप्त राजिंदर बाजवा पठानकोट, अरुणा चौधरी होशियारपुर, सुखबिंदर सिंह सुख सरकारिया तरनतारन, राणा गुरजीत सिंह गुरदासपुर, रजिया सुल्ताना संगरूर, विजय इंदर सिंगला बरनाला, भारत भूषण आशु मोगा, रणदीप नाभा एसएएस नगर (मोहाली), डा. राजकुमार वेरका फिरोजपुर, संगत सिंह गिलजियां रोपड़, परगट सिंह कपूरथला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मानसा से और गुरकीरत कोटली हाल ही में बने मालेरकोटला जिले में तिरंगा फहराएंगे।
आचार संहिता उल्लंघन पर नजर
26 जनवरी को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह के दौरान होने वाले आयोजनों पर चुनाव आयोग नजर रखेगा। आयोग के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस दौरान आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होने दिया जाए। आयोग की तरफ से इसकी पूरी तैयारी करने को कहा गया है।