अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मंगलवार को बताया कि पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने मार्च 2026 तक शून्य बिजली कटौती प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। गर्मी और धान के सीजन से पहले बिजली क्षेत्र की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में इसकी घोषणा की गई है।
उन्होंने कहा कि बिजली की मांग को पूरा करने के लिए बुनियादी ढांचे के नवीनीकरण में तेजी भी लाई जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने साल 2025- 2030 के लिए थर्मल, हाईड्रो और नवीकरणीय ऊर्जा समेत अलग-अलग स्रोतों से बिजली सप्लाई बढ़ाने के लिए व्यापक योजनाओं की समीक्षा की। रिवैम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत 3600 करोड़ की लागत के साथ बुनियादी ढांचे के नवीनीकरण को मंजूरी दी गई है। इसमें से 1700 करोड़ रुपये के काम पहले ही दिए जा चुके हैं, बाकी टेंडरों को जुलाई के अर्ध तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।