प्रताप सिंह बाजवा, कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब की कांग्रेस सरकार ने अपनी ही पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा की पुलिस सुरक्षा वापस ले ली है। राज्य सरकार का कहना है कि यह फैसला, प्रताप बाजवा को पहले से ही मिल रही केंद्रीय सुरक्षा और उन्हें किसी तरह का कोई खतरा न होने की रिपोर्टों के मद्देनजर लिया गया है।
सरकारी प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि राज्य पुलिस द्वारा बाजवा को दी गई सुरक्षा का कोई मकसद नहीं रह गया क्योंकि उन्होंने सीधे तौर पर गृह मंत्री अमित शाह से केंद्रीय सुरक्षा हासिल कर ली थी। ऐसी स्थिति में दोहरी सुरक्षा व्यवस्था को कारगर नहीं माना जा सकता। विशेष रूप से तब, जब राज्यसभा सांसद ने राज्य की पुलिस में कोई भरोसा न दिखाते हुए केंद्रीय सुरक्षा प्राप्त करना मुनासिब समझा हो। प्रवक्ता ने कहा कि वास्तव में बाजवा को मौजूदा समय में राज्यसभा सदस्य को दी जाने वाली सुरक्षा से अधिक सुरक्षा हासिल थी।
सीएम के खिलाफ बोला- इसलिए सुरक्षा वापस ली
राज्य सरकार द्वारा पंजाब पुलिस की सुरक्षा वापस लेने पर बाजवा ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री के अनुचित कामकाज के खिलाफ खुलकर बात की थी। इसलिए उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा वापस लेकर उन्हें परिवार सहित जोखिम में डालने का काम किया गया है। बाजवा ने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने उन्हें जेड श्रेणी सुरक्षा दी है तो इससे खतरे के बारे में साफ हो जाता है। यही नहीं, पंजाब पुलिस द्वारा उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा के अलावा केंद्र सरकार ने उन्हें जेड श्रेणी सुरक्षा वर्ष 2013 में प्रदान की थी।