चंडीगढ़। सेक्टर-48 स्थित कोविड अस्पताल में मरीजों की ईसीजी करने गया जीएमसीएच-32 का ईसीजी टेक्नीशियन शनिवार को ड्यूटी के दौरान गश खाकर गिर गया। अर्द्ध-बेहोशी की हालत में टेक्नीशियन मदद की गुहार लगाता रहा। वहीं उसे यह जवाब देकर सबने दरकिनार कर दिया कि अस्पताल में सारे उपकरण कोरोना मरीजों के इलाज में प्रयोग किए जा रहे हैं इसलिए उसकी कोई मदद नहीं की जा सकती। आनन-फानन में ईसीजी के दूसरे स्टाफ ने इसकी सूचना जीएमसीएच में दी। इसके बाद तत्काल उस टेक्नीशियन को एंबुलेंस से जीएमसीएच-32 भेजा गया। लगभग 2 घंटे बाद वहां पहुंचने पर ऑक्सीजन लगाने के बाद उसकी स्थिति सामान्य हुई।
अस्पताल के कर्मचारियों कहना है कि जीएमसीएच अस्पताल प्रशासन ने कोविड अस्पताल में भर्ती 42 मरीजों की प्रतिदिन ईसीजी करने का निर्देश दिया है। ऐसे मैं एक टेक्नीशियन का घंटों पीपीई किट पहनकर काम करना पड़ रहा है। शनिवार सुबह टेक्नीशियन ने 16 मरीजों की ईसीजी की। इसके बाद उसकी स्थिति बिगड़ने लगी और वह गिर पड़ा। इस बारे में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले की पड़ताल करके स्टाफ की संख्या बढ़ाने संबंधित निर्णय लिया जाएगा।